भगवानपुर। बिहार सरकार के शिक्षक विरोधी नीतियों के खिलाफ राज्य कर्मी के दर्जा प्राप्ति तक संयुक्त शिक्षक संघर्ष मोर्चा पटना के आवाहन पर बिहार जाति आधारित गणना द्वितीय चरण कार्य का बहिष्कार करते हुए सभी शिक्षक भगवानपुर प्रखंड मुख्यालय परिसर के धरना पर बैठे हुए है। इसकी अध्यक्षता और संचालन संतोष चौबे ने की।
वक्ताओं ने कहा कि सरकार शिक्षकों के साथ वादाखिलाफी कर रही है। पूर्व के बहाल शिक्षकों को राज्य कर्मी नहीं मानते हुए जैसे चुनाव, जनगणना, जाति गणना कराती है। लेकिन जब हक और अधिकार की बात आती है तो बिहार राज्य विद्यालय अध्यापक नियमावली 2023 लागू कर शिक्षकों को प्रताड़ित कर रही है।शिक्षकों द्वारा अपने हक के लिए अपनी आवाज बुलंद किया जा रहा है। बता दें कि आज 15 अप्रैल से जाति आधारित गणना का दूसरे चरण शुरू होने वाला है।
जब तक सरकार नियमावली 2023 रद्द नहीं करती तब तक शिक्षक जाति गणना कार्य के बहिष्कार में रहेंगे। धरना सभा में शिक्षक आलोक मिश्रा, भीमसेन, प्रशांत पांडे, खुशबू सिंह, रंजू मिश्रा, जितेंद्र कुमार, सुनील, संतोष प्रजापति, सतीश पाल, वीरेंद्र जी सहित दर्जनों शिक्षक उपस्थित रहे।
