भभुआ कैमूर। कैमूर में एक बार फिर से एसपी ने बड़ी कार्रवाई की है। एसपी ललित मोहन शर्मा ने चैनपुर थानाध्यक्ष संजय कुमार को कार्य में लापरवाही, शिथिलता एवं अन्य मामलों में दोषी पाते हुए सस्पेंड कर दिया है। जिसके बाद चैनपुर थानध्यक्ष की कमान रणवीर कुमार को सौंपा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, कैमूर जिले के चैनपुर थाना कांड संख्या 56/23 में ससमय आरोप पत्र समर्पित नहीं किए जाने के कारण कांड के प्राथमिकी अभियुक्त को न्यायालय द्वारा धारा-167(2) दंड प्रक्रिया संहिता के अंतर्गत जमानत दे दिया गया।
इस मामले की एसपी ललित मोहन शर्मा को शिकायत मिलने के बाद कांड के अनुसंधानकर्ता -सह- थानाध्यक्ष संजय कुमार पासी से शो कॉज मांगा गया था। लेकिन चैनपुर थानाध्यक्ष के द्वारा दिया गया शो कॉज का जवाब एसपी को असंतोषजनक लगा।
जिसके बाद थानाध्यक्ष पर कार्य में लापरवाही, कर्तव्यहीनता, संदिग्ध आचरण एवं कार्य में शिथिलता के लिए तत्काल प्रभाव से सामान्य जीवन यापन भत्ता पर सस्पेंड कर दिया गया। एसपी ने चैनपुर थानाध्यक्ष के रूप में रणवीर कुमार को जिम्मेदारी देकर पदस्थापित किया।
