भभुआ कैमूर। कैमूर में दूसरे राज्यों व शहरों में कमाने गए प्रवासियों का कोरोना को लेकर हुए लॉक डाउन में फैक्ट्री, कंपनियों के बंद होने जाने के बाद बेरोजगार हो गए। खाने पीने की आफत होने लगी तो प्रवासी घर के लिए पलायन करने लगे। जिसमें कैमूर में अभी भी प्रवासियों का आना जारी है। इस बीच बाहर से आने वाले प्रवासियों को क्वॉरेंटाइन सेंटर में रखा जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा उनकी लगातार जांच की जा रही है।
ऐसे में बाहर से आने वाले प्रवासियों में लक्षण को देखते हुए उनकी कोरोना की सैंपल लेकर जांच भी कराई जा रही है। जिसमें गुरुवार को कैमूर में मुम्बई एवं गुजरात से लौटे 6 प्रवासियों में कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आया है। जिसके बाद कैमूर में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 53 से 59 हो गई है। वहीं बुधवार को 4 नए मामले सामने आए थे।
मिली जानकारी के मुताबिक, सभी 6 कोरोना पॉजिटिव मरीज भभुआ प्रखंड के मिरिया, कीरकलां,महुआरी,खैरा गांव के रहने वाले है। जिसमें 5 पुरुष एवं एक महिला शामिल है। गुरुवार को 56 प्रवासियों की कोरोना जांच की रिपोर्ट में 6 की पॉजिटिव आयी है। वहीं 50 की रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
पॉजिटिव मरीजों को क्वॉरेंटाइन सेंटर से भभुआ के आइसोलेशन सेंटर में इलाज के लिए भेज दिया गया है। इसकी जानकारी सिविल सर्जन अरुण कुमार तिवारी ने दी। बताया जाता है कि अभी तक कैमूर में 39 कोरोना पॉजिटिव मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं।
भभुआ के आइसोलेशन सेंटर में इलाज के लिए भर्ती
मिली जानकारी के मुताबिक, कैमूर में जो 6 प्रवासी कोरोना पॉजिटिव मिले है। उन्हें क्वॉरेंटाइन सेंटर से इलाज के लिए भभुआ के सिवाय होटल में बने आइसोलेशन सेंटर में भर्ती कराया गया है। पॉजिटिव 6 प्रवासियों में तीन मीरिया गांव के रहने वाले हैं। जो गुजरात से लौटे हैं। जिसमें एक 13 साल का किशोर, एक 15 साल का और एक 18 साल का युवक शामिल है।
वही महुआरी गांव से 14 साल का युवक, कीरकला गांव का 25 साल का युवक और खैरा गांव की 29 साल की महिला पॉजिटिव है। कीर कला और खैरा गांव के दोनों मुंबई से लौटे हैं। 6 में से 2 लोगों को मुंबई और गुजरात लौटने के बाद इटाढी के क्वॉरेंटाइन सेंटर में रखा गया था। वहीं चार प्रवासियों को भभुआ के भूपेश गुप्त कॉलेज के क्वॉरेंटाइन सेंटर में रखा गया था। सभी 6 लोगों के कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें क्वॉरेंटाइन सेंटर से भभुआ के आइसोलेशन सेंटर शिवाय होटल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया।

