रामपुर। रामपुर प्रखंड के बिहार राज्य शिक्षक महासंघ के प्रखंड इकाई रामपुर के शिक्षकों द्वारा बिहार जाति आधारित गणना कार्य का बहिष्कार किया गया है जिसको लेकर गुरुवार को रामपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित प्रखंड के प्रधान लिपिक कार्यालय में पहुंचकर शिक्षकों ने इस कार्य का बहिष्कार करते हुए ज्ञापन सौंपा है। शिक्षकों के सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि 10 अप्रैल 2023 को बिहार राज्य विधानसभा अध्यापक नियमावली 2023 अधिसूचित की गई है।
उक्त नियमावली में पूर्व के कार्यरत पंचायती राज संस्था एवं नगर निकाय संस्था द्वारा नियुक्त शिक्षकों का समायोजन नहीं किया गया है। जिससे राज्य सहित रामपुर ब्लाक के सभी शिक्षक आहत है। इसलिए बिहार राज्य शिक्षक महासंघ के आवाहन पर रामपुर के सभी शिक्षक द्वारा शैक्षणिक कार्यों को छोड़कर बिहार जाति आधारित गणना के बहिष्कार का निर्णय लिया गया है।
जिसके आलोक में सभी पर्यवेक्षक, प्रगणक एवं फील्ड ट्रेनर के तौर पर प्रतिनियुक्त शिक्षको द्वारा बिहार जाति आधारित गणना का कार्य बहिष्कार किया जाता है। बता दें कि बिहार जाति आधारित गणना को लेकर दूसरे चरण का प्रगणक को प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है। ज्ञापन सौंपने वाले में बिहार राज्य शिक्षक महासंघ के कैमूर जिला उपाध्यक्ष सह रामपुर के मीडिया प्रभारी धर्मदेव चौधरी, राजेश्वर सिंह,कार्यकारी अध्यक्ष राम आशीष कुमार, अभय कुमार सहित कई शिक्षक मौजूद रहे।
