पुलिस पर हमला और वाहन को क्षतिग्रस्त मामले में 18 नामजद, 25 अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज
घटना के देर रात्रि करमचट पुलिस ने अमाव गांव से 9 आरोपियों को घर से उठाया,भेजा जेल
रामपुर कैमूर। रामपुर प्रखंड के करमचट थाना क्षेत्र के सबार भीतरीबांध मुख्य पथ के अमाव गांव के मोड़ पर रविवार को तेज रफ्तार पुलिस वाहन ने एक बच्ची को टक्कर मार दिया। जिसमें बच्ची घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, घटना के बाद वहां पर मौजूद लोगों ने पुलिस वाहन के पास पहुंच कर ड्राइवर से पूछताछ करने पहुंची ही थी कि भीड़ देखकर पुलिस गाड़ी का ड्राइवर और अधिकारी वहां से फरार हो गए।
इस बीच बच्ची के बेहोश होने और पुलिस गाड़ी के चक्का पैरो पर चढ़ने की जानकारी मिलने के बाद आक्रोश में होकर लोगों द्वारा गाड़ी को ईंट पत्थर से क्षतिग्रस्त कर दिया गया। धक्का मारने वाली गाड़ी में किसी भी पुलिस अधिकारी या ड्राइवर द्वारा घायल बच्ची को इलाज के लिए नहीं ले जाया गया। घटना के बाद वहां से फरार हो गए। घायल बच्ची को लोगों द्वारा अमाव के निजी क्लीनिक और चेनारी के निजी क्लीनिक में ले जाकर ईलाज कराया गया। घटना में बच्ची को पैर में चोट लगी है। दवा खा रही है, अब वह ठीक बताई जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक, घायल बच्ची अमाव गांव के जुम्मन अंसारी की 8 वर्षीय पुत्री अमिला खातून बताई जाती है। जो उर्दू उत्क्रमित मध्य विद्यालय अमाव की कक्षा दो की छात्रा है। घायल बच्ची ने बताया कि रविवार को वह स्कूल गई थी। जहां दोपहर साढ़े 12 बजे स्कूल में एमडीएम का खाना खाकर पानी पीने के लिए रोड की तरफ चली गई।
इसी बीच सबार के तरफ तेज रफ्तार से आ रही पुलिस की सुमो गाड़ी ने टक्कर मार दिया। गाड़ी का दोनो चक्का मेरे दोनों पैरो पर चढ़ गया। जिसमें वह सड़क पर ही बेहोश हो गई। लोगों द्वारा मुझे अमाव के अस्पताल में ले जाकर ईलाज कराया गया। दोनों पर गाड़ी का चक्का चढ़ने के बाद चोट लगी है। चेनारी में भी ले जाकर ईलाज कराया गया दवा मिला है। अभी पैर में दर्द है।
अमाव गांव के घायल बच्ची के पिता जुम्मन अंसारी ने बताया कि वह खेत पर थे। जानकारी मिला कि मेरी बच्ची को पुलिस की गाड़ी से धक्का लग गया है। पैर में चोट लगी है। अस्पताल में ईलाज कराया गया है। दवा भी मिला है।
देर रात्रि में अमाव में आरोपियों को पुलिस ने घर से उठाया
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त करने के मामले में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए देर रात्रि में पुलिस द्वारा आरोपियों के घर के छापेमारी करते हुए 9 लोगों को गिरफ्तार कर थाना ले जाया गया। आरोपियों के परिजनों में हसमुख खातून ने बताया कि रात्रि 2 बजे पुलिस घर पर पहुंची।
दरवाजे खुलवा कर मेरे बेटे लालू को घर से बुलाकर कर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मेरा बेटा निर्दोष है। पूछने और रोकने पर पुलिस द्वारा धक्का मुक्की करने का आरोप लगाया गया। कौशल्या देवी ने बताया कि मैं और पति घर में सोए थे। रविवार की रात्रि दो बजे पुलिस घर का दरवाजा खुलवा कर पति को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि मेरा पति निर्दोष है। वह घटना के समय नहीं थे।
लड़की के पैर पर पुलिस वाहन चढ़ने का सीसीटीवी फुटेज आया सामने
रविवार को अमाव में पुलिस वाहन से घायल बच्ची के मामले में सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। जिसमें देखा जा रहा है कि रविवार की दोपहर सबार के तरफ से भीतरीबांध की तरफ सबसे पहले डायल 112 की पुलिस और तीन गाड़ी पास करती है। जिसके बाद करमचट थाना की सुमो गाड़ी तेज रफ्तार से पार करती है। जिसमे पुलिस की गाड़ी से बच्ची को टक्कर लगती है। गाड़ी का अगला और पिछला चक्का बच्ची के दोनों पैर पर चढ़ जाती है।
फिर आगे बढ़ने के बाद पुलिस गाड़ी को ड्राइवर रोकता है। फिर रोड पर चोटिल बेहोश बच्ची को लोगों द्वारा इलाज के लिए निजी क्लीनिक में ले जाया गया। जहां इलाज कराया गया। फिर लोगों द्वारा घायल बच्ची के अनहोनी की आशंका पर उग्र लोगों द्वारा पुलिस वाहन को छोड़ कर भागने के बाद गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। जब फिर पुलिस दूसरे गाड़ी से पहुंची तो लोग वहां से हट गए।
घटना के बाद करमचट और बेलांव थाने और जिला से पुलिस जवान पहुंचे। जहां घटनास्थल के पास के होटल से पुलिस द्वारा पुलिस गाड़ी क्षतिग्रस्त करने का सीसीटीवी फुटेज निकाल कर करवाई करनी शुरू कर दी।
18 नामजद, 25 अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज
पुलिस गाड़ी से धक्का लगने के बाद अक्रोशित लोगों द्वारा गाड़ी को क्षतिग्रस्त मामले में करमचट थाने के एएसआई धीरज कुमार द्वारा अमाव गांव के 18 नामजद और 25 अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकी में बताया गया है कि थाने से पुलिस की गाड़ी दुर्गावती डैम की तरफ जा रही थी।
सड़क पार करने के दौरान बच्ची पुलिस की गाड़ी से संपर्क में आ गई। हल्की चोट लगी है। बच्ची ठीक है। पुलिस के मुताबिक गाड़ी क्षतिग्रस्त के साथ पुलिस पर जानलेवा हमला किया गया। जिसमे चालक, पदाधिकारी सहित 5 लोग घायल हो गए।जिनका प्राथमिकी इलाज रामपुर पीएचसी में कराया गया।
बोले थानाध्यक्ष
इस मामले में थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि रविवार को पुलिस की गाड़ी से एक बच्ची को हल्की चोट लग गई थी। जिसके बाद लोगों ने पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त और पुलिस अधिकारी के साथ धक्का मुक्की में 5 लोग घायल हो गए थे। इस मामले में वरीय अधिकारी के निर्देश पर 18 पर नामजद और 25 अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिसमें 9 लोगों को उनके घर से रविवार की देर रात में गिरफ्तार कर सोमवार को मेडिकल जांच कराते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।



