रामपुर। सोमवार को रामपुर प्रखंड मुख्यालय सहित सभी गांवों में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह, हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर सरकारी, अर्द्धसरकारी व गैर सरकारी संस्थानों, शिक्षण संस्थाओं, थाना परिसरों, पंचायत भवनों और पार्टी कार्यालयों में आन-बान-शान के साथ राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया गया। झंडोत्तोलन के बाद राष्ट्रगान के साथ सलामी दी गई और भारत माता की जय, वंदे मातरम्, महात्मा गांधी अमर रहें जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
रामपुर प्रखंड मुख्यालय में झंडोत्तोलन कार्यक्रम की शुरुआत प्रखंड प्रमुख घूरा सिंह यादव ने की। वहीं करमचट थाना में थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान द्वारा झंडोत्तोलन किया गया, जहां थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए बच्चे, युवा, बुजुर्ग व महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल हुए और प्रसाद के रूप में वितरित मिठाइयों का आनंद लिया। बेलाव थाना में थानाध्यक्ष चंद्रप्रभा, बाल विकास परियोजना कार्यालय में सीडीपीओ, बीआरसी में प्रभारी बीईओ तथा रामपुर पीएचसी में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा झंडा फहराया गया।
इसके अलावा प्रखंड की सभी नौ पंचायतों में मुखिया द्वारा, सबार पैक्स गोदाम में पैक्स अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह द्वारा, सभी विद्यालयों में प्रधानाध्यापकों तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यालयों में पार्टी अध्यक्षों द्वारा झंडोत्तोलन किया गया। सुबह से ही क्षेत्र में देशभक्ति गीतों की गूंज सुनाई देती रही। ‘मेरा रंग दे बसंती चोला’, ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’ जैसे गीतों ने माहौल को भावुक और प्रेरणादायक बना दिया।
वीर शहीदों की कुर्बानी और स्वतंत्रता सेनानियों की गाथाएं सुनकर लोगों की आंखें नम दिखीं। इस पावन अवसर पर लोगों ने एक-दूसरे को गणतंत्र दिवस की बधाई दी और सोशल मीडिया के माध्यम से भी शुभकामनाओं का आदान-प्रदान किया गया। झंडोत्तोलन के बाद विभिन्न स्थानों पर मिठाइयां बांटी गईं, जिससे उत्सव का माहौल और भी खुशनुमा बन गया।
