बलिया ने गाजीपुर को हरा हाटा फुटबाल चैंपियन्स ट्रॉफी पर किया कब्जा
Kaimurlivenews.blogpost.com
चैनपुर से नीरज राजपूत की रिपोर्ट
# गाजिपुर पर बलिया ने दर्ज की 3-2 की रोमांचक जीत
चैनपुर. प्रखंड क्षेत्र के हाटा उच्च विद्यालय के खेल मैदान पर चल रहे हाटा फुटबाल चैंपियन्स ट्राफी का फाइनल मुकाबला बलिया व गाजीपुर के बीच खेला गया. रविवार को हुए इस फाइनल मुकाबले को देखने के लिए काफी संख्या लोग दर्शकों की भीड़ जमा हुई. इस फाइनल मैच में दोनों ही टीमें उत्तर प्रदेश की थी. कोई स्थानीय टीम नहीं होने के कारण दर्शकों के कम आने की उम्मीद थी. लेकिन, कहीं से भी दर्शकों का उत्साह कम नहीं था. खेल शुरू होने से पहले ही पूरा मैदान खचाखच भर गया था.
- पहले हाफ तक दोनों टीम रही बराबर
निर्धारित समय से दोनों ही टीमों के खिलाड़ी मैदान में उतरे जिनका दर्शकों ने शोर मचाकर व तालियों के गड़गड़ाहट से स्वागत किया. रेफरी के भिसिल की आवाज के साथ ही पहले हाफ का प्रारंभ हुआ और इसके साथ ही प्रारंभ हुआ मैदान पर एक जीत के लिए जंग. खेल की शुरुआत होते ही दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों ने हमलावर रुख अपनाया. एक दूसरे पर बढ़त बनाने के लिए आक्रामक रूख अपनाए हुए थे. इस आक्रामक खेल का पूरा आनंद दर्शक उठा रहे थे. पहले हाफ के 45 मिनटों में कोई भी टीम गोल नहीं कर पाई और स्कोर 0-0 से बराबर रहा.
- दूसरे हाफ टाइम में भी दोनों टीम ने किसी के पाली में नहीं कर पायी गोल
मध्यांतर के बाद दूसरे हाफ का खेल प्रारंभ हुआ तो दोनों ही टीमों ने रक्षात्मक ढंग से खेल की शुरुआत की. कोई भी टीम रिश्क नहीं लेना चाहती थी. जैसे जैसे खेल अपने अंतिम दौर में पहुंच रहा था. दोनों टीमों ने एक दूसरे के गोलपोस्ट पर हमले तेज कर दिया. जिसमे कभी गोलकीपर ने गेंद को रोक तो कभी गेंद गोलपोस्ट से बाहर ही रह गए. दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों ने गोल के कई मौकों को गवाया. लाख कोशिशों के बावजूद निर्धारित समय में कोई भी टीम गोल नहीं कर पाई जिसके फलस्वरूप मैच के रेफरी अयूब अंसारी ने पेनल्टी शूटआउट का फैसला लिया.
- असलम के गोल ने बलिया को दिलायी जीत
पेनाल्टी शूटआउट का घोषणा होते ही दर्शक गोलपोस्ट के नजदीक जाने लगे. जहां से वो प्रत्येक शूट को नजदीक से देख सकें. दोनों ही टीम ने अपने पांच प्रमुख खिलाड़ियों को आगे किया. पहला किक गाजीपुर के खिलाड़ी को दागने का मौका मिला. लेकिन उन्होंने ये मौका गंवा दिया. इसके बाद बलिया के इम्तियाज खान को गेंद मिली. जिसको उन्होंने गोल दाग अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी. पहले शॉट के बाद पिछड़ रहे गाजीपुर ने अपना दूसरा मौका भी गवाया. इसके बाद बलिया ने भी दूसरा जाया किया. अपने तीसरे मौके को गाजीपुर मनोज ने गोल दाग अपनी टीम को बराबरी पर ला दिया वहीं बलिया अपने तीसरे मौके को चूक बढ़त का मौका गंवा दिया. इसके बाद चौथे मौके को गाजीपुर गोल में नहीं बदल पाया लेकिन पांचवे व अंतिम मौके को हिमांशु ने गोल दाग अपने टीम को बराबरी पर रखा. दूसरी तरफ बलिया के अरमान ने गोल दाग टीम को एक बार फिर बढ़त दिलाई जिसे गाजीपुर ने अपने अंतिम मौके को गोल में बदल एक मुकाबले को बराबरी पर ला दिया. इसके बाद बलिया को पांचवां व अंतिम मौका असलम खान को मिला जिनपर बलिया सहित मैदान में जुटे हजारों दर्शकों की नजरें टीकी थी. इस अंतिम मौके को गोल में बदल असलम ने बलिया को 3-2 की रोमांचक जीत दिलाई.
# विजेता टीम को ट्रॉफी देकर किया गया सम्मानित
हाटा फुटबाल चैंपियन ट्राफी के फाइनल मैच के अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष वकील यादव, वरीय उप समाहर्ता कृष्ण कुमार उपाध्याय, युवा समाजसेवी नीरज पांडेय व प्रखंड विकास पदाधिकारी डा. सत्येंद्र परासर द्वारा विजेता टीम ट्राफी दिया गया. बलिया के कप्तान इंतेखाब खान ने बताया कि यहां के दर्शकों से हमे खूब प्यार मिला है और हमलोग चाहेंगे कि अगले साल भी इस टूर्नामेंट में हिस्सा लें. वहीं इस टूर्नामेंट के उप विजेता गाजीपुर के कप्तान हिसामुद्दीन खान ने समिति को इस आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि हमलोग कई टूर्नामेंट खेलते हैं लेकिन यहां के दर्शकों में फुटबाल के प्रति जो जोश व उत्साह देखने को मिलता है वो कहीं नहीं दिखता. इस मौके पर सरफराज आलम, भरत सोनी, मनोज गुप्ता, शिवकुमार शर्मा, अनिल केशरी, विनोद सोनी सहित कई लोग मौजूद थे.
फोटो 1. गोल के लिए जूझते खिलाड़ी.
फोटो 2. फाइनल मुकाबले को देखते अतिथि
