# चैनपुर/ कैमूर से नीरज राजपूत की रिपोर्ट ...
# लोगों ने चालक को पकड़ कर की धुनाई, पुलिस के किया हवाले
चैनपुर. स्थानीय चैनपुर बाजार स्थित शाही जामा मस्जिद के पास मंगलवार को ट्रैक्टर ने तीन साल की बच्ची को रौंद दिया. बच्ची की ट्रैक्टर से कुचलने के कारण मौके पर ही मौत हो गयी. घटना से खफा ग्रामीणों ने मौके से भाग रहे चालक को पकड़ पिटाई कर दी. इसकी सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस व बसपा नेता मो. जमा खान ने किसी तरह आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत कराया. वही शव कब्जे में लेकर पुलिस पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेजा और चालक को गिरफ्तार कर थाना लायी. मृतक बच्ची जामा मस्जिद मोहल्ला निवासी शिवशंकर बारी की तीन वर्षीय बेटी शिवानी बताई जाती है.
मंगलवार को करीब साढ़े दस बजे अपने घर के बाहर शिवानी खेल रही थी. इसी दौरान बालू अनलोड कर जा रहे ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया. जिसके बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इस दुर्घटना पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. लोगों ने सड़क पर जाम करने का मन बनाने लगे और मौके से भाग रहे ट्रैक्टर चालक को पकड़कर पिटाई शुरू कर दिया. लेकिन इस घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अभय कुमार के नेतृत्व में मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया. पुलिस द्वारा आयशर ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया गया जोकि पीडीएस दुकानदार श्यामलाल गुप्ता का बताया जाता है.
फ़ोटो - आक्रोशित लोगों को समझा कर शांत करने का प्रयास करती पुलिस
# शराब के नशे में था चालक
चैनपुर बाजार में ट्रैक्टर चालक की लापरवाही के कारण तीन वर्षीय शिवानी की कुचलकर मौत हो गयी. खेलते समय हुए इस घटना के बाद स्थानीय लोग काफी आक्रोशित हो गए. इस दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर छोड़कर भाग रहे चालक को लोगों ने पकड़ लिया. पकड़ा गया चालक क्षेत्र के शेरपुर गांव का राजू यादव बताया जाता है. जो शराब के नशे में पूरी तरह धुत्त था. इस घटना के प्रत्यक्षदर्शी मुख्तार अंसारी ने बताया कि चालक पूरी तरह नशे में धुत्त होकर ट्रैक्टर चला रहा था. उन्होंने बताया कि उसे इस बात का थोड़ा भी इल्म नहीं था कि कोई बच्चा सड़क पर बच्चा भी खेल रहा है. लोगों ने कहा कि जब पूरे प्रदेश में शराब बंद है तो शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले कहा आ जा रहे हैं. उन्होंने शराबियों के विरुद्ध पुलिस की नाकामी बताते हुए कहा कि वर्तमान समय में शराब की होम डिलेवरी हो रही है. जिनके विरुद्ध कार्रवाई में पुलिस नाकाम रही है.
फ़ोटो - लोगों को समझाते बसपा नेता जमा खान
# मुहल्ले वालों की चहेती थी शिवानी-
शिवानी की मौत से पूरे परिवार में मातम छाया हुआ है. शिवानी के माँ का रो-रोकर बुरा हाल है. बच्ची के पिता शिवशंकर बारी अपनी बच्ची का शव गोद में लेकर पथराई आंखों से देख रहे थे. लोगों ने बताया कि शिवानी काफी चंचल व लोगों की चहेती थी. मुहल्ले के किसी भी व्यक्ति के गोद में चले जाने वाली शिवानी की इस दुनियां में नहीं रहने की बात पर किसी को विश्वास ही नहीं हो रहा था. इस घटना के बाद मुहल्ले के सभी लोगों चाहे वो हिन्दू हो या मुसलमान सभी के आंखों में शिवानी थी.
फ़ोटो- शिवानी की मौत के बाद सड़क जाम किये हुए लोग
पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दया गया. जिसके बाद शिवानी का अंतिम संस्कार किया गया. जिसमें दोनों ही कौम के लोग शामिल हुए. सब्जी दुकानदार झने खान ने बताया कि इस मुहल्ले में हम सभी एक दूसरे के सुख-दुःख में सरीक होते हैं. ये बच्ची सिर्फ शिवशंकर की नहीं बल्कि पूरे मोहल्ले की बच्ची थी.
इस घटना के बाद बीडीओ राजेश कुमार द्वारा मृतक के परिजनों को मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ योजना से बीस हजार का चेक दिया गया.
थानाध्यक्ष अभय कुमार ने बताया कि चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर उसका स्वास्थ्य जांच कराकर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. उन्होंने भी चालक के नशे में होने की बात कही.

