15 सालों में किसी को नहीं मिला आरक्षण, कहते है एनडीए की सरकार आरक्षण खत्म कर देगी - सीएम नीतीश

# कैमूर लाइव न्यूज़ से बंटी जायसवाल की रिपोर्ट :- 

भभुआ/ कैमूर : गुरुवार को भभुआ विधान सभा उपचुनाव के प्रचार के दौरान भभुआ शहर के जगजीवन स्टेडियम में एनडीए द्वारा दिवंगत विधायक की पत्नी व भाजपा प्रत्याशी रिंकी रानी पांडेय के समर्थन के लिए विशाल आमसभा का आयोजन किया गया. इस आमसभा को संबोधित करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिना नाम लिए राजद पर हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग शराबबंदी के समर्थन में बनी मानव शृंखला में हमारे साथ खड़े थे, वही लोग आज शराबबंदी के खिलाफ बोल रहे हैं और शराबबंदी के खिलाफ वही लोग बोल रहे हैं जो शराब के धंधेबाज हैं. हमारी प्रतिबद्धता लोगों की सेवा करने की है. लेकिन, उनलोगों की प्रतिबद्धता मेवा पाने की है. 
काम के आधार पर चाहिए वोट 
सीएम ने अपने संबोधन में शराबबंदी, विकास एवं  महागठबंधन से अलग होने सहित कई मुद्दों पर राजद व कांग्रेस को घेरा. उन्होंने कहा कि हम काम करने में विश्वास करते हैं और कुछ लोग तकरार करने में. 12 साल में मैंने लोगों को लड़ाया नहीं, बल्कि समाज में सौहार्द एवं शांति स्थापित किया है. हमने अपने शासनकाल में न्याय के साथ विकास किया है. बिहार के हर इलाके व हर समाज में विकास हुआ, यहीं हमारा लक्ष्य है और इसी को ध्यान में रखकर हम विकास कार्य कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि हम आज अपने काम के आधार पर वोट मांगने आये हैं. 
15 सालों में किसी को नही मिला आरक्षण 
आरक्षण के मसले पर सीएम ने कहा कि 15 साल मौका मिला तो कोई काम नहीं किया. आज लोगों को गुमराह कर रहे हैं. 15 सालों के शासन में किसी को आरक्षण नहीं दिया. आज पंचायत से लेकर नगर निकाय के चुनाव में हमारी सरकार ने आरक्षण दिया है. महिलाओं को 50% आरक्षण दिया जा रहा है. अल्पसंख्यक समाज के लिए हमारी सरकार से ज्यादा किसी ने काम नहीं किया. जो लोग गुमराह करने का काम कर रहे हैं, उनके भ्रमजाल में मत फंसियेगा. कुछ लोगों का काम सिर्फ चुनाव लड़ना है और चुनाव के वक्त समाज में झंझट पैदा करना है. ऐसे लोगों से बचकर रहना है. 
विकास के साथ हो रहा है काम 
 सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि हमारी सरकार में विकास के साथ-साथ समाज सुधार की दिशा में भी कार्य कर रही है. अगले चार सालों में हर घर में नल का जल इस साल के अंत तक हर घर में बिजली उपलब्ध करायी जायेगी. सिंचाई एवं पानी के साथ-साथ कृषि रोड मैप पर भी कार्य चल रहा है. केंद्र में बैठे नरेंद्र मोदी का पूरा सहयोग मिल रहा है. हमारी सरकार लोगों के हितों में रोज नये फैसले ले रही है. विरोधी जिस तरह की भाषा का प्रयोग कर रहे हैं उसका जवाब देना भी उचित नहीं है. रोज सोशल मीडिया पर नये-नये ट‍्वीट किये जा रहे हैं.

जनता के समर्थन पर जीत के लिए डाली माला
सभा के दौरान नीतीश कुमार ने उपस्थिति भीड़ से समर्थन लेते हुए दिवंगत विधायक की पत्नी व भाजपा प्रत्याशी रिंकी रानी पांडेय के आंचल में माला डालते हुए कहा कि आप के कहने पर हमने इन्हें जीत की माला डाल दी है. अब आपकी जवाबदेही है कि इन्हें जिताएं.
राजद को नहीं मिला कोई उम्मीदवार तो कांग्रेस को कराया खड़ा
 सीएम ने कहा कि जब राजद को भभुआ सीट पर कोई उम्मीदवार नहीं मिला तो उसने यह सीट कांग्रेस को दे दी. राजद व कांग्रेस चाहे जितना भी जोर लगा लें, कुछ हासिल होनेवाला नहीं है. कांग्रेसवालों का कोई ठिकाना नहीं है. पार्टी में खलबली मची हुई है. उन्होंने कहा कि इनलोगों को साथ चलने की बहुत कोशिश की, पर जब मैं इनके दबाव में नहीं आया और साथ चलना मुश्किल हो गया तो अलग होना पड़ा.
एनडीए के मंत्री व नेताओं ने रिंकी रानी पांडेय के लिए मांगा समर्थन 
सभा के दौरान उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल  पांडेय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय सहित कई मंत्री व विधायक ने एनडीए के प्रत्याशी रिंकी रानी पांडेय के लिए वोट मांगा. सभा में लोजपा सांसद रामचंद्र पासवान, सत्यानंद शर्मा, अवधेश नारायण सिंह, भगवान सिंह कुशवाहा, राजेश्वर राज, भाजपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र पांडेय, उपाध्यक्ष मनोज जायसवाल, विमलेश पांडेय, पूर्व विधायक व जदयू जिलाध्यक्ष डॉ प्रमोद सिंह, पिछड़ा व अतिपिछड़ा मंत्री बृजकिशोर बिंद, रामगढ़ विधायक अशोक सिंह, मोहनिया विधायक निरंजन राम, एमएलसी संतोष कुमार सहित कई लोग मौजूद रहे.

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top