फ़ोटो डिजाइन
भभुआ/भगवानपुर. रविवार को कैमूर जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के गम्हरियां गांव के पास अचानक अनियंत्रित होकर ऑटो पलट गयी. इस घटना में ऑटो पर सवार लोगो में एक महिला की मौत हो गयी और आधा दर्जन लोग घायल हो गए. ऑटो पलटने के बाद आसपास के लोगों द्वारा सभी घायलों को बाहर निकालते हुए और ऑटो को भी उठाया. इसके बाद ऑटो चालक उसी वाहन से सभी घायलों को लेकर भगवानपुर पहुुँचा. जहां से सभी घायल सदर अस्पताल पहुंचे. वहीं इस घटना में हुई
एक महिला के बाद उसके शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में किया गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक महिला भगवानपुर थाना क्षेत्र के चुआं गांव निवासी गोवर्धन बिद की पत्नी 55 वर्षीय चंदा देवी बताई जाती है. जिसकी कोई संतान नहीं थी. रविवार की सुबह ऑटो से वह अधौरा थाना क्षेत्र के दीघार गांव में किसी व्यक्ति के पास झाड़ फूंक कराने जा रही थी. इसी बीच गम्हरियां गांव के पास अनियंत्रित होकर ऑटो पलट गया. जिसमें ऑटो के नीचे दब कर उनकी मौत हो गई. वहीं एक अन्य महिला भगवानपुर थाना क्षेत्र के बजडीहवां गांव के बहादुर कुशवाहा की पत्नी प्रमिला देवी भी घायल हो गई. जिनका सदर अस्पताल में इलाज किया गया. शेष घायलो ने अपना इलाज भभुआ के विभिन्न निजी अस्पताल में कराया. वहीं ऑटो चालक भी निजी अस्पताल में ही अपना इलाज कराने गया. घटना की जानकारी होने पर चंदा देवी के परिजन सदर अस्पताल पहुंच गई. उनके रोने-बिलखने से चीख पुकार मच गया.

