फ़ोटो फाइल
#मामला भभुआ सदर प्रखंड के महुआरी पंचायत में सोलर लाइट लगाने में हुई गड़बड़ी का
#निगरानी विभाग के एएसपी ने भभुआ थाना में दर्ज कराई प्राथमिकी
भभुआ/कैमूर। बिहार के कैमूर से बड़ी खबर आ रही है. जहां पंचायत में सोलर लाइट लगाने में हुई गड़बड़ी के मामले में निगरानी के एएसपी ने भभुआ थाने में भभुआ के पूर्व बीडीओ, पूर्व कल्याण पदाधिकारी, पूर्व मुखिया, पंचायत सचिव, उर्दू अनुवादक इन सभी 5 लोगो पर प्राथमिकी दर्ज कराया है. मामला भभुआ सदर प्रखंड के महुआरी पंचायत का है. जहां इस पंचायत के कई गांवों में वर्ष 2010-11, 11-12 में आठ सोलर लाइट लगाने के मामले में राशि में धांधली करने का मामला प्रकाश में आया है. निगरानी विभाग के एएसपी के निर्देश के आलोक में एसपी कैमूर के आदेशानुसार भभुआ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. दर्ज कराये प्राथमिकी को दिए गए आवेदन में बताया गया कि महुआरी पंचायत के पूर्व मुखिया अरूण कुमार उपाध्याय व तत्कालिक बीडीओ रविकांत ओझा, कल्याण पदाधिकारी कन्हैया राम, सहायक उर्दू अनुवादक मोनाजिर खां व पंचायत सचिव कपिलदेव राम को उपरोक्त वर्ष में आठ सोलर लाइट लगाने के लिए राशि का भुगतान पिछड़ा क्षेत्र अनुदान निधि से फर्जी तरीके से कर लेने का दोषी पाया गया. इस मामले में पूर्व मुखिया द्वारा न्यायालय में दाखिल याचिका में उपरोक्त सोलर लाइट लगाने की राशि का भुगतान कराने की बात कही गई. न्यायालय के आदेश पर हुई जांच में स्पष्ट हो गया कि पूर्व में 12 वें वित्त की राशि चार सोलर लाइट लगाई गई थीं. जबकि बाद में आठ सोलर लाइट का भुगतान गलत तरीके से लिया गया. इस तरह उपरोक्त लोगों को सरकारी राशि गबन करने में दोषी पाया गया है. निगरानी विभाग की जांच में सोलर लाइट के पोल तो मिले लेकिन लाइट का कहीं अता पता नहीं चल पाया. सभी लाइटों में इसी तरह की बात सामने आई. इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष शशि भूषण कुमार ने बताया कि एसपी के निर्देश पर सोलर लाइट लगाने में हुई गड़बड़ी के मामले में निगरानी के एएसपी ने भभुआ थाने में भभुआ के पूर्व बीडीओ, पूर्व कल्याण पदाधिकारी, पूर्व मुखिया, पंचायत सचिव, उर्दू अनुवादक इन सभी 5 लोगो पर प्राथमिकी दर्ज कराया है. आगे की कार्रवाई की जा रही है.

