भभुआ/कैमूर। सोमवार को कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र से पांच सौ मीटर की दूरी पर ब्लोसम स्कूल के बाथरूम में पांचवी कक्षा के एक छात्र शव मिलने से हड़कम्प व क्षेत्र में सनसनी फैल गयी. छात्र के मौत की सूचना मिलते ही परिजन व लोग भागे भागे स्कूल में पहुँचे. वही छात्र की मौत के आक्रोशित लोगों की भीड़ ने स्कूल के सामने नेशनल हाइवे को 2 घण्टे तक जाम कर दिया. जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गयी और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. सूचना पर तत्काल कुदरा थानाध्यक्ष रणविर कुमार थाने की पुलिस पदाधिकारियों व जवानों के साथ घटना की जांच करते एवं जाम छुड़ाने में जुट गये. उधर, कुछ देर बाद सूचना पर पहुंचे मोहनिया डीएसपी रधुनाथ सिंह व सीओ भी पहुँच गए. जहां परिजनों से घटना के बारे जानकारी प्राप्त करते हुए जो भी आरोपित है उस पर कार्रवाई करने का आश्वासन के बाद आवागमन बहाल हुआ.
स्कूल के शिक्षकों पर छात्र के हत्या का लगाया आरोप
मृतक छात्र थाना क्षेत्र के भटौली गांव निवासी मुन्ना राय का 11 वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार बताया जाता है. परिजनों ने स्कूल के शिक्षकों पर छात्र की हत्या का आरोप लगाया जा रहा है. उनका कहना था कि बिजली के तार से गले में फांसी लगाकर बच्चे की हत्या की गई है. घटना से आक्रोशित लोगों ने स्कूल के सामने दिल्ली हावड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या दो को जाम कर दिया. स्कूल के भवन के अंदर भी आक्रोशितों द्वारा तोड़फोड़ की गई.
स्कूल में शिक्षिका है मां, भाई बहन दोनों पढ़ते थे
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मृतक छात्र आदित्य की मां लक्ष्मी देवी उसी विद्यालय में शिक्षिका हैं. जबकि आदित्य की बड़ी बहन छाया उसी स्कूल की आठवीं की छात्रा है. दोनों भाई बहन एक ही स्कूल पढ़ते थे और माँ भी स्कूल में पढ़ाने का काम करती है. लेकिन मृतक छात्र की मां सोमवार को तीज व्रत होने के कारण स्कूल में पढाने के लिए नहीं गयी थी. लेकिन दोनों भाई बहन हर दिन की तरह सोमवार को भी स्कूल में पढ़ने के लिए गए थे. दोपहर बाद विद्यालय में छुट्टी होने पर सारे बच्चे स्कूल से निकल गए. लेकिन आदित्य दिखाई नहीं दिया तो उसकी बहन उसे खोजने लगी.
बाथरुम में मिला छात्र का शव
उसके बाद जब छात्र की विद्यालय में तलाश हुई तो उसके भवन के ऊपरी तल्ले पर शिक्षकों के लिए बनाए गए बाथरूम में उसका शव मिला. बहन ने भाई को बाथरूम में बेसुध पड़ा हुआ देखा तो परिजनों को सूचना दिया. जिसके बाद भागे भागे माता पिता व परिजन व लोग स्कूल पहुँचे. जहां से तुरंत मृतक छात्र को कुदरा पीएचसी में इलाज के लिए ले गए. लेकिन चिकित्सकों ने जांचोपरांत उसे मृत घोषित कर दिया. छात्र की मौत से आक्रोशित परिजनों व लोगो ने हंगामा किया और काफी देर तक उसके शव को पुलिस को उठाने नहीं दिया. इस घटना की सूचना पर मोहनिया से एसडीपीओ रघुनाथ सिंह मौके पर पहुंचकर परिजनों से घटना के बारे में पूछताछ कर जानकारी प्राप्त की.
मृतक छात्र था इकलौता पुत्र
घटना के संबंध में बताया जाता है कि आदित्य अपने माता पिता का इकलौता पुत्र था. उसके माता-पिता गांव छोड़कर कुदरा बाजार के महावीर स्थान के पास चकिया मोहल्ले में रहने लगे थे. बच्चे की मौत से परिजनों पर विपत्ति का पहाड़ टूट पड़ा है. इधर घटना के बाद से घर में मातमी सन्नाटा पसर गया है.
एसपी ने कहा जो भी दोषी होगा उस कार्रवाई होगा
कैमूर एसपी दिलनवाज अहमद ने बताया कि छात्र के मौत मामले की जांच की जा रही है. जो भी दोषी होगा उसे बख्शा नहीं जायेगा. जल्द ही उस स्कूल के डायरेक्टर व प्रिंसिपल को गिरफ्तार कर पूछताछ किया जायेगा


