नियोजित शिक्षकों ने मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री,मुख्य सचिव का फूंका पुतला, सरकार के खिलाफ जमकर की नारेबाजी

भगवानपुर/कैमूर। सोमवार को कैमूर जिले के भगवानपुर में नियोजित शिक्षकों ने हड़ताल के 22वें दिन सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, शिक्षा मंत्री कृष्णानंद वर्मा,मुख्य सचिव आरके महाजन का अपनी मांगों को लेकर पुतला दहन किया। दरअसल भगवानपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित बीआरसी कार्यालय के सामने बिहार राज्य शिक्षक संघर्ष समन्वय समिति के बैनर तले नियोजित शिक्षकों द्वारा पुतला दहन के कार्यक्रम जिला उपाध्यक्ष रमेश प्रसाद के नेतृत्व में किया गया।जिला सचिव रविंद्र कुमार ने कहा कि सरकार जब तक समान काम के समान वेतन सहायक शिक्षक दर्जा नियमित शिक्षकों की तरह सेवा शर्तें दिए जाने की मांगों को पूरा नहीं करती है। तब तक विद्यालयों में तालाबंदी कर नियोजित शिक्षक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे।
नियोजित शिक्षकों ने कहा होली जैसे महान पर्व पर जिला में पैसा रहते हुए भी नियोजित शिक्षकों को जनवरी माह का वेतन का भुगतान नहीं किया गया।जिसका नियोजित शिक्षकों ने कड़ी निंदा की। पुतला दहन कार्यक्रम के बाद नियोजित शिक्षकों ने धरना स्थल बैठकर सरकार के खिलाफ दोहरी नीति अपनाने और सौतेलेपन व्यवहार करने का आरोप लगाया। मौके पर प्रीतम कुमार, गुप्तेश्वर प्रसाद, श्रवण कुमार,संतोष कुमार प्रजापति, उपेंद्र कुमार, हीरा पासवान, मुसाफिर राम, शेष मुनि सिंह, मालती कुमारी, सुषमा कुमारी, दिलीप कुमार, अशोक कुमार पांडेय सहित कई नियोजित शिक्षक और शिक्षिका उपस्थित रहे।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top