- साजिद-वाजिद की जोड़ी से थे मशहूर वाजिद खान
- किडनी की बीमारी से थे पीड़ित अभी कोरोना रिपोर्ट भी आई थी पॉजिटिव
Desk : बॉलीवुड से एक और दुखद खबर आ रही है। मशहूर संगीतकार वाजिद खान का निधन हो गया है। उनके निधन से बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। फिल्म इंडस्ट्री में साजिद-वाजिद की जोड़ी के रूप में मशहूर वाजिद खान के निधन को लेकर कई हस्तियों से लेकर उनके समर्थको द्वारा शोक व्यक्त किया जा रहा है।
वाजिद ने अपने भाई साजिद के साथ मिलकर कई फिल्मों में संगीत दिया है। दोनों भाईयों की जोड़ी बॉलीवुड में साजिद-वाजिद के नाम से जानी जाती है।वाजिद के निधन की वजह उनके किडनी की समस्या बताई जा रही है। किडनी के इलाज के दौरान उनका टेस्ट किया गया तो उनकी रिपोर्ट में कोरोना पॉजिटिव आया था। वह एक हफ्ते से कोरोना पॉजिटिव थे।
संगीतकार वाजिद खान अपने भाई साजिद खान के साथ
एक रिपोर्ट के अनुसार, वाजिद खान किडनी की बीमारियों से पीड़ित थे और उनकी हालत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 42 वर्षीय वाजिद खान को मुंबई के चेंबुर में एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुछ महीने पहले ही उनकी किडनी ट्रांसप्लांट की गई थी। लेकिन उनकी तबीयत ठीक नहीं हो रही थी। कुछ दिन पहले ही जांच में कोरोना संक्रमित भी पाया गया था।
रविवार शाम को उनकी हालत बिगड़ गई और तमाम कोशिशों के बाद भी डॉक्टर उन्हें बचा नहीं पाए क्योंकि किडनी की समस्या के कारण उनका इम्युनिटी लेवल बहुत कम हो गया था।
गौरतलब हैै कि साजिद-वाजिद की जोड़ी बॉलीवुड के दबंग सलमान खान के लिए संगीत तैयार करती रही है। वाजिद खान ने साजिद के साथ मिलकर सलमान के लिए कई गीतों का निर्देशन किया। इसमें दबंग के फेमस गाने शामिल हैं।
सलमान खान के साथ संगीतकार साजिद खान व वाजिद खान
साजिद-वाजिद ने 1998 में सलमान खान अभिनीत फिल्म 'प्यार किया तो डरना क्या' से अपने करियर की शुरुआत की थी। 1999 में, उन्होंने सोनू निगम की एल्बम 'दीवाना' के लिए संगीत दिया, जिसमें "दीवाना तेरा", "अब मुझसे रात दिन" और "इस कदर प्यार है" जैसे गाने शामिल थे।
इसके बाद इस जोड़ी ने एक के बाद एक हिट फिल्म के लिए संगीत दिए। इसमें चोरी चोरी, हेलो ब्रदर, मुझसे शादी करोगी, पार्टनर, वांटेड, दबंग (1,2 और 3) जैसी फिल्में शामिल हैं। साजिद-वाजिद की जोड़ी ने अभी हाल ही में सलमान खान के लिए 'भाई-भाई' कम्पोज किया था। एक गायक के रूप में वाजिद खान ने 2008 में फिल्म पार्टनर के लिए गाया भी था।
उसी साल उन्होंने फिल्म हैलो ब्रदर के लिए संगीत निर्देशकों के रूप में काम किया और 'हटा सावन की घाटा', 'चुपके से कोई और' और 'हैलो ब्रदर' जैसे गाने लिखे लिखे। साजिद-वाजिद ने 'क्या यही प्यार है', 'गुनाह', 'चोरी चोरी', 'द किलर', 'शादी करके फंस गया यार', 'जाने होगा क्या' और 'कल किसने देखा है' जैसी फिल्मों में संगीत दिया।
साजिद-वाजिद की जोड़ी ने सलमान खान की कई फिल्मों में संगीत दिया, इनमें 'तुमको ना भूल पाएंगे', 'तेरे नाम', 'गर्व', 'मुझसे शादी करोगी','पार्टनर', 'गॉड तुस्सी ग्रेट हो', 'वांटेड', 'मैं और मिसेज खन्ना', 'वीर', 'दबंग', 'नो प्रॉब्लम' और 'एक था टाइगर' जैसी फिल्में शामिल हैं।
साजिद-वाजिद ने रियलिटी शो 'सा रे गा मा पा सिंगिंग सुपरस्टार', 'सा रे गा मा पा 2012', 'बिग बॉस सीजन चार' और 'बिग बॉस छह' के लिए टाइटल ट्रैक तैयार किया था। इसके अलावा उन्होंने आईपीएल के चौथे सीजन के थीम म्यूजिक 'धूम धूम धूम धड़ाका' को भी तैयार किया था, इसके टाइटल ट्रैक को वाजिद खान ने गाया था।




