इस मामले में जख्मी सफाई कर्मी ने नगर थाना में आवेदन दिया है। जानकारी के मुताबिक,भभुआ नगर परिषद क्षेत्र में कराए जा रहे सफाई कार्य में कोरोना को लेकर लॉक डाउन में कोरोना योद्धा सफाई कर्मी जान जोखिम में डाल काम कर रहे है।नगर परिषद के एनजीओ के माध्यम से बेलांव थाना क्षेत्र के खजुरा गांव निवासी सफाई डोम का पुत्र रमेश कुमार लगभग चार वर्ष से नगर सफाई का कार्य कर रहा है।
मंगलवार को वह डोर टू डोर कूड़ा उठाव के क्रम में वार्ड नंबर 12 में कूड़ा उठाने गया था। इसी बीच वार्ड 11 निवासी अजूबा डोम व छोटे डोम पिता राम भजन डोम उसे गाली देते हुए एक महीने की रंगदारी मांगने लगे।इस पर उसने पैसा नहीं देने का विरोध किया तो गुस्से में आकर दोनों ने पकड़ कर चाकू मारकर जख्मी कर दिया।
जब वह जख्मी होने के बाद चिल्लाने लगा तो आसपास के काफी लोग जुट गए।वही दोनों आरोपी फरार हो गए। भागने के दौरान उसे दोनों आरोपियों ने धमकी दी कि यदि नगर परिषद के पदाधिकारी को सूचना दिया तो जान से मार देंगे।
वही सही समय पर रंगदारी नहीं दिया तो यही हाल करेंगे। जिसके बाद जख्मी सफाई कर्मी ने घटना की सूचना नगर परिषद के कर्मियों को दी और थाने में भी दोनों आरोपियों के खिलाफ आवेदन दिया।पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

