भभुआ कैमूर। ड्यूटी में लापरवाही बरतने के मामले में दुर्गावती थाना क्षेत्र के ककरैत घाट पर तैनात एक एएसआई समेत आठ होमगार्ड जवान को एसपी दिलनवाज अहमद द्वारा निलंबित कर दिया गया है।निलंबित किये गए एएसआई संजीव कुमार सिंह एवं होमगार्ड के जवान महेंद्र कुमार शर्मा, नंदू कुमार यादव, राकेश कुमार राम, काशी पाल, छोटेलाल गुप्ता, सुदर्शन साह, निरंजन प्रसाद पाल, छविनाथ राम बताए गए हैं।
एसपी ने बताया कि 9 जून को सोनहन पुलिस द्वारा भारी मात्रा में शराब के साथ धंधेबाज को पकड़ा गया था। गिरफ्तार शराब धंधेबाज सोनहन थाना क्षेत्र के तरहनी गांव निवासी बीरबल पासवान बताया गया। जब उससे पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वह अपने गांव से ककरैत पुल को पार करने के बाद यूपी की सीमा में गया था। जहां से शराब खरीद कर उसी पुल से वापस आ गया। इस दौरान तैनात किसी पुलिस जवान एवं होमगार्ड के जवान द्वारा उसे नहीं रोका गया।
एसपी ने बताया कि जब गिरफ्तार आरोपित ने कहा तो दुर्गावती थाना क्षेत्र के ककरैत पुल पर कोई भी तलाशी नहीं की जा रही है तो दुर्गावती थाना प्रभारी संजय कुमार एवं मोहनिया इंसपेक्टर को जांच के लिए भेजा गया। इस दौरान जांच में पाया गया कि वहां तैनात महेंद्र कुमार शर्मा,नंदू कुमार यादव,राकेश कुमार राम, काशी पाल अपने कर्तव्य स्थल से बिना किसी सूचना के फरार पाए गए थे। वहीं अन्य होमगार्ड जवानों के द्वारा कार्य में लापरवाही बरती जा रही थी। जिसके बाद उन सभी को निलंबित कर दिया गया है।

