Desk : बिहारी युवाओं के आइडल, हमेशा हंसता मुस्कुराता हुआ वो चेहरा, जो हमारे बीच नहीं रहा और दुनिया को अलविदा कहकर अपनी यादें छोड़ गया। आज सोमवार को बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत पंचतत्व में विलीन हो गए। उनका अंतिम संस्कार मुंबई के उपनगरीय विले पार्ले स्थित पवन हंस श्मशान घाट में किया गया। इस दौरान उनके पिता, परिवार के अन्य लोग और करीबी दोस्त मौजूद रहे। अंतिम विदाई देने के लिए रिया चक्रवर्ती, श्रद्धा कपूर और वरुण शर्मा, विवेक ओबेरॉय सहित बॉलीवुड के कई सेलेब्स शामिल हुए।
बॉलीवुड के कई सेलेब्स कोविड 19 प्रोटोकॉल की वजह से सुशांत की अंतिम यात्रा में 20 से अधिक लोग शामिल नहीं हो पाए। बेटे सुशांत की मौत की खबर सुनकर आज उनके पिता, चचेरे भाई बीजेपी विधायक नीरज कुमार बबलू और अन्य रिश्तेदारों के साथ पटना से मुंबई पहुंचे थे। दूसरी तरफ उनकी दोस्त रिया चक्रवर्ती मुंबई के कूपर अस्पताल पहुंची थीं। जहां सुशांत का शव रखा गया था।
सुशांत की अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए बॉलीवुड सेलेब्स श्मशान घाट पहुंचे। सुशांत को श्रद्धा कपूर और कृति सेनन ने विदाई दी।सोमवार को फॉरेंसिक टीम भी उनके किराए के फ्लैट पर जांच पड़ताल करने पहुंची थी। सुशांत की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सामने आ गई है। जिसमें बताया गया है कि सुशांत की मौत फांसी के फंदे पर लटक कर दम घुटने से हुई है।
दरअसल, रविवार की दोपहर मुंबई के बांद्रा स्थित अपार्टमेंट के घर में फांसी लगाकर 34वर्षीय बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की खुदकुशी का मामला सामने आया था। जिससे बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गयी। सुशांत की अचानक इस तरीके से चले जाने हर कोई स्तब्ध था। बॉलीवुड,परिवार सहित उनके परिवार समझ नहीं पा रहे है कि क्या वजह थी सुशांत को सुसाइड करना पड़ा।
अभी तक सुशांत की आत्महत्या की वजह सामने नहीं आई है। लेकिन यह बात सामने आई है कि वह डिप्रेशन के शिकार थे। उनकी बहन के मुताबिक, पिछले कुछ समय से नियमित तौर पर अपनी दवाइयां नहीं ले रहे थे। सुुशांत सिंह राजपूत बिहार के पूर्णिया के रहने वाले थे। जिनका परिवार पटना में रहता थे। सुशांत ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी। जानकारी के मुताबिक, आगामी नवंबर माह में सुशांत शादी भी होने वाली थी। जिंदगी का पाठ पढ़ाने वाला खुद ही जिंदगी से हार गया।
गौरतलब है कि 4 दिनों पहले ही सुशांत सिंह राजपूत की एक्स मैनेजर दिशा सालियान ने भी अपने घर के 14 तल्ले बिल्डिंग से कूद कर आत्महत्या कर ली थी। सुशांत ने अपनी इंस्टा स्टोरी में दिशा को लेकर लिखा था, 'ये बहुत दुखद खबर है। दिशा के परिवार और दोस्तों को मेरी सांत्वना। ईश्वर तुम्हारी आत्मा को शांति दे। लेकिन सुशांत ने भी स्वयं खुदकुशी कर ली। जिससे हर कोई मर्माहत है।
फिल्मों में काम करने से पहले सुशांत सिंह राजपूत सीरियलों में काम करते थे। जीटीवी पर आने वाले पवित्र रिश्ता में मानव का किरदार निभाने के बाद फेमस हुए थे। इसके बाद वे डांस रियलिटी शो ‘जरा नच के दिखा 2 और झलक दिखला जा 4 में भी दिखाई दिए और इसके बाद सुशांत ने फिल्मों का रूख कर लिया और 2013 में ‘काय पो चे’ फिल्म से अपना फिल्मी सफर शुरू किया था। इसके अलावे शुद्ध देसी रोमांस, पीके, डिटेक्टिव ब्योमकेश बख्शी, एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी, राब्ता, वेल्कम टू न्यू यॉर्क, केदारनाथ, सोनचिड़िया, छिछोरे, ड्राइव और दिल बेचारा फिल्मों में काम किया था।
सुशांत सिंह राजपूत को सबसे ज्यादा लोकप्रियता साल 2016 में रिलीज हुई धोनी की बायोपिक फिल्म एम.एस.धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी से मिली थी। इसके बाद सुशांत ने राब्ता, वेलकम टु न्यूयॉर्क, केदारनाथ, सोनचिड़िया और छिछोरे जैसी फिल्मों में नजर आए। पिछले दिनों सुशांत सिंह राजपूत की फिल्म ड्राइव रिलीज हुई थी। जिसे खास रिस्पॉन्स नहीं मिला और उनकी फिल्म दिल बेचारा को रिलीज होना अभी बाकी है। सुशांत को अपने अब तक के करियर में कई अवॉर्ड मिल चुके थे। वह इंडियन टेलीविजन एकेडमी अवॉर्ड्स, बिग स्टार एंटरटेनमेंट अवॉर्ड, कलाकार अवॉर्ड और सक्रीन अवॉर्ड जीत चुके थे।









