कैमूर में तेज रफ्तार मिट्टी लदे ट्रैक्टर ने ससुराल जा रहे बाइक सवार युवक को रौंदा, मौके पर दर्दनाक मौत

बाइक क्षतिग्रस्त, चालक फरार , ट्रैक्टर को जब्त कर थाने ले गई पुलिस 

घटना सबार भीतरीबांध मुख्य पथ के मझियांव गांव के मां काली मंदिर के सामने की

 साले की शादी को लेकर लालापुर ससुराल जा रहा था बाइक सवार 

  रामपुर कैमूर। रामपुर प्रखंड के करमचट थाना क्षेत्र के सबार भीतरीबांध मुख्य पथ मझियांव गांव के मां काली मंदिर के सामने मिट्टी लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना मंगलवार लगभग 11:15 बजे की। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद लोगों की काफी भीड़ जुट गई। मौके पर जुटी लोगों की भीड़ ने हंगामा करना शुरू कर दिया और सड़क को जाम करने लगे।
इस बीच प्रमुख घूरा सिंह यादव पहुंच कर लोगों को समझा कर शांत करा कर जाम नहीं लगाने दिया। इसकी सूचना पर करमचट थाने की पुलिस भी मौके पहुंच गई। ट्रैक्टर को जब्त करते हुए पुलिस ने थाने भेज दिया। घटना में बाइक के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। परिजनो के आने पर घटना के तीन घंटे बाद शव को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर पंचनामा करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतक की पहचान रोहतास जिले के करगहर थाना क्षेत्र के तलिया गांव के स्वर्गीय विक्रमा शर्मा के 30 वर्षीय पुत्र शंभू शर्मा बताए जाते है। जो अपने गांव से करमचट थाना क्षेत्र के लालापुर गांव में साले की शादी में शामिल होने के लिए जा रहा था। मृतक के ससुर लालापुर गांव निवासी उमाशंकर शर्मा ने बताया कि उनके बेटे रमेश का 11 मई को शादी है। मंगलवार को हल्दी है।
 उनकी बेटी भाई के शादी को लेकर पहले ही आई हुई थी। शादी में शामिल होने के लिए अकेले बाइक से मेरे दामाद आ रहे थे। इसी बीच मझियांव गांव के पास मिट्टी लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनके बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई है। 
घटना की सूचना पर घटनास्थल पर ससुराल के लोगों और अन्य लोगों की भीड़ जुट गई। ससुराल में कोहराम मच गया। घटनास्थल पर महिलाओं और परिजनो का रो रोकर बुरा हाल हो गया है। पत्नी छाती पीट पीटकर दहाड़ मार रोते हुए बेहोश हो जा रही थी। जिसे मझियांव गांव की महिलाओ द्वारा पानी की छींटे डालकर होश में ला रही थी। 
डेढ़ साल के बेटे के सिर से उठ गया पिता का साया
मृतक के ससुर ने बताया कि उनके दामाद का एक डेढ़ साल का बेटा है। घटना के बाद बच्चे को कुछ समझ में नहीं आ रहा था। परिजनो को रोते हुए देखकर मासूम बच्चा भी रोने लग रहा था। घटना ने मासूम बच्चे के सिर से पिता का साया उठ गया। मृतक के ससुर ने प्रशासन मुआवजे दिलाने की मांग की है।

नाबालिग चालक ने ले ली जान
घटनास्थल पर जुटी लोगों की भीड़ में कहते हुए सुना गया की अब लोगों की जान कीमत कितनी सस्ती हो गई। इन दिनों सड़को पर खुलेआम नाबालिग बच्चे ट्रैक्टर सहित अन्य वाहन चला रहे है। जो लोगों की जिंदगियों से खिलवाड़ कर रहे है। नाबालिग बिना ड्राइविंग लाइसेंस के लोगों के जान दुश्मन बन रहे है। मिट्टी में ट्रैक्टर चला रहे है तो चंद पैसे की बचत के लिए नाबालिग चालकों को ट्रैक्टर की चाभी दे रहे है। नाबालिग चालकों पर पुलिस को रोक लगाने के साथ मालिक और नाबालिग पर कार्रवाई करनी चाहिए। लेकिन पुलिस प्रशासन पर देखते हुए आंखे बंद कर चली जाती है। वही नाबालिग ट्रैक्टर चालक ने तेज रफ्तार चलाते हुए बाइक सवार की जान ले लिया। एक परिवार को उजाड़ दिया।

बोले थानाध्यक्ष
करमचट थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि मिट्टी लदे ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया गया है। ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है। मृतक के परिजनो द्वारा आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top