भभुआ कैमूर। कैमूर से बड़ी खबर आ रही है जहां दुर्गावती थाना क्षेत्र के मरहियां के समीप एनएच दो पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया। जिससे दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची दुर्गावती थाने की पुलिस व एनएचएआई विभाग की टीम ने दोनो शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मोहनिया थाना क्षेत्र के देवकली गांव निवासी विशाल कुमार व चंद्रशेखर यादव के रूप में हुई है। जो बाइक से यूपी से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही दोनों बाइक सवार युवक मरहिया मोड़ के पास पहुंचे ही थे कि डायवर्सन के करीब पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दोनों युवकों को रौंद दिया। जिससे दोनों ही युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंची दुर्गावती थाने की पुलिस ने मौत की पुष्टि के लिए एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दुर्गावती ले गई। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर मृतक दोनों युवकों के परिजन दुर्गावती थाने पहुंचे।
परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस द्वारा कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया। घटना के बाद मृतक के गांव में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों को रो रोकर बुरा हाल हो गया है।
