पत्नी के अवैध संबंध के शक में पति गया था ससुराल
भभुआ कैमूर। कैमूर में शनिवार को पत्नी की अवैध संबंध के शक में जीजा ने साले को गोली मार दिया। जिससे वह गंभीर घायल हो गया। जिसे भभुआ सदर अस्पताल में इलाज के लिए ले जाने के दौरान बीच रास्ते में उसकी मौत हो गई। डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद भाग रहे आरोपी हत्यारे जीजा को पकड़ कर सूचना पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी के पास कट्टा बरामद कर किया गया। शव का पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम भभुआ सदर अस्पताल में कराया गया। मामले की गुत्थी सुलझाने में पुलिस जुट गई है। मामला भभुआ थाना क्षेत्र के कुंडासन गांव का है।
मृतक की पहचान भभुआ थाना क्षेत्र के कुडासन गांव निवासी बलिराम तिवारी का पुत्र प्रद्युम्न तिवारी उर्फ गोलू के रूप में हुई है। वहीं इस मामले पर जानकारी देते हुए कैमूर एसपी हरिमोहन शुक्ला ने बताया कि आरोपी सोनहन थाना क्षेत्र के सेमरा गांव निवासी उपेंद्र मिश्रा की पत्नी मायके कूड़ासन आई हुई थी। वही शनिवार को उपेंद्र मिश्रा भी अपने ससुराल आया हुआ था। जिसे अपने पत्नी पर किसी और लड़के से अवैध संबंध का शक था।
जिसको लेकर दोनों पति-पत्नी के बीच मारपीट हो रहा था। उपेंद्र मिश्रा हाथ में कट्टा लिया हुआ था। इसी दौरान बीच बचाव करने गया गोलू तिवारी को बहनोई(जीजा) ने नजदीक से सटाकर गोली मार दिया और घटना को अंजाम देने के बाद भागने लगा।
वहीं स्थानीय लोगों के द्वारा तत्परता दिखाते हुए डायल 112 पुलिस को सूचना दिया गया। जहां सूचना पर तत्काल पहुंची डायल 112 पुलिस और ग्रामीणों की मदद से आरोपी को घेर कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाला कट्टा को भी बरामद किया और आरोपी को थाना ले आई और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
वहीं स्थानीय लोगों द्वारा गोलू तिवारी को आनन फानन में इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद परिजनों में चीख पुकार मचा हुआ है।