कार्यक्रम में भोजपुरी स्टार गायक सह अभिनेता रितेश पांडे सहित मंत्री, विधायक,नेताओं ने लिया हिस्सा
भभुआ कैमूर (बंटी जायसवाल)। कैमूर जिले के भगवानपुर प्रखंड के भगवानपुर गांव के सुवरन नदी के तट पर स्थित हरसूवंशी महादेव मंदिर परिसर में गुरुवार को पूजा अर्चना के साथ धूमधाम से हरशु ब्रह्म बाबा जन्मोत्सव मनाया गया। इस मौके पर गाजे बाजे के साथ भव्य शोभा यात्रा निकाली गई।
जिसमें एक दर्जन घोड़सवार, बग्गी, तीन रथ, डीजे तथा कटप्पा मामा झांकी ग्रुप के कलाकारों और दोपहिया और चार पहिया वाहनों के साथ हजारों लोगों ने भाग लिया। शोभा यात्रा हरसूवंशी शिव मंदिर से निकल कर गांव में होते हुए भगवानपुर बाजार से होते हुए भभुआ के लिए रवाना हुआ। फिर भभुआ से शोभा यात्रा चैनपुर हरसू ब्रह्म मंदिर पहुंच कर संपन्न हुआ।
इससे पहले हरसूवंशी महादेव मंदिर में काशी के विद्वानों द्वारा वेद मित्रो द्वारा भगवान महादेव की पूजा अर्चना की गई। जिस अवसर पर मंदिर को गुलाब और विभिन्न तरह के फूलों से बाहर से आए हुए कलाकारों द्वारा आकर्षक ढंग से सजाया गया था। इस दौरान मंदिर के चबूतरे पर हरशु ब्रह्मा बाबा के तेल चित्र स्थापित किया गया। जिस पर काफी संख्या में अतिथियों और श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पांजलि अर्पित की गई। इसके बाद हरसु ब्रह्म बाबा के तैल चित्र को रथ पर विराजमान कर शोभायात्रा निकाली गई।
इस कार्यक्रम में भोजपुरी के सुप्रसिद्ध गायक और अभिनेता रितेश पांडे के द्वारा भक्ति और देश भक्ति के गीत संगीत की प्रस्तुति दी गई। साथ ही कटप्पा मामा झांकी ग्रुप के कलाकारों द्वारा गंगा आरती,शिव तांडव, राधा कृष्ण नृत्य की प्रस्तुति दी गई।
कार्यक्रम में पहुंचे बिहार सरकार के श्रम मंत्री संतोष कुमार सिंह के स्वागत किया गया। इसकी संचालन विकास पांडे ने की। रंगमंच पर गायक अजय पांडे, गीतकार चंद्रशेखर पांडे, गौरव कुमार, अनिल दुबे, सूरज पांडे सोनू पांडे, मुखिया उपेंद्र पांडे आदि आयोजकों के मौजूदगी रही। आकाश पांडे द्वारा हरसू ब्रह्म बाबा की महिमा और कार्यक्रम के सनातनी उद्देश्य पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में पहुंचे कैमूर जिला के विभिन्न प्रखंडों के अलावा रोहतास जिला, यूपी के बनारस के श्रद्धालुओ के बीच हजारों पीला गमछा को अंग वस्त्र के रूप में वितरण किया गया। जहां बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं सहित अन्य लोगों को भोज का प्रसाद भी ग्रहण कराया गया। कार्यक्रम स्थल पर फल वितरण के साथ-साथ मिठाई पानी और कॉफी आदि की भी व्यवस्था की गई थी।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश के महामंत्री मिथिलेश तिवारी, बिहार सरकार के श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार सिंह, पूर्व मंत्री बृजकिशोर बिंद, रामगढ़ विधायक अशोक कुमार सिंह, भभुआ विधायक भरत बिंद, पूर्व डीजीपी गुप्तेश्वर पांडे, कैमूर भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश पांडे, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष मनोज जायसवाल, समाजसेवी बिरजू पटेल, किसान नेता विमलेश पांडे, दुर्गेश चौबे, अनिल दुबे, अनिल उपाध्याय, चैनपुर के ब्लॉक प्रमुख दर्जनों नेताओं ने बाबा के जन्मोत्सव पर उपस्थिति दर्ज कराई।
भगवानपुर थानाध्यक्ष उदय कुमार के नेतृत्व में दर्जनों महिला पुरुष पुलिस जवान सहित जिले से पुलिस जवान की टीम सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे।विभिन्न प्रखंडों के विभिन्न दलों के राजनीतिक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि के अलावा काशी खत्री, सुनील अग्रवाल, गोरख पासवान, भूषण शाह हजारों सनातनी उपस्थित रहे।