Kaimurlivenews.blogpost.com न्यूज डेस्क
चैनपुर से नीरज राजपूत की रिपोर्ट
# मानव श्रृंखला में शामिल नहीं होंगे शिक्षक
चैनपुर. बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ के बैनर तले नियोजित शिक्षकों ने रविवार को चैनपुर थाना के साटे जगरिया गेट के सामने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला जलाया. इस दौरान शिक्षकों ने जम कर सरकार विरोधी नारेबाजी की. इसके पहले शिक्षकों ने प्रखंड मुख्यालय पर बैठक की और वहां से थाना तक एक जुलूस निकाला.जुलूस में शामिल शिक्षक नीतीश कुमार मुर्दाबाद, शिक्षकों को समान काम के लिए समान वेतन देना होगा, सातवां वेतन का लाभ देना होगा, वेतन चोर गद्दी छोड़ जैसे नारे लगा रहे थे.
संघ के प्रखंड अध्यक्ष दीवान हामिद खान ने कहा कि शिक्षकों के शोषण की हदें अब पार हो गयी है. शिक्षकों को अभी तक सातवां वेतन का भी लाभ नहीं मिला है जबकि सभी नियमित शिक्षक इसका लाभ तीन महीने से ले रहे हैं. उन्होंने कहा कि यदि सरकार जल्द ही समान कार्य समान वेतन का लाभ देने की घोषणा नहीं करती है तो पूरे बिहार के शिक्षक सड़कों पर उतर कर आंदोलन करेंगे और छह जनवरी को पूरे बिहार में में चक्का जाम कर सभी सरकारी काम को ठप कर दिया जाएगा. उन्होंने एक फरवरी से स्कूलों में बेमियादी तालाबंदी की करने की भी बात कही.
बाबुल शाह ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार शिक्षकों को पहले राज्य कर्मी का दर्जा दे. पंचायत और प्रखंड कर्मी बताने की बहानेबाजी बंद करे. उन्होंने कहा कि शिक्षकों के लिए आर पार की लड़ाई का वक्त आ गया है. पुतला दहन कार्यक्रम में सुग्रीव सिंह, भानु प्रताप, सतीश सिंह, मनोहर सिंह यादव, अशोक कुमार, बलिराम सिंह नूर मोहम्मद अंसारी सहित कई शिक्षक मौजूद थे.
# मानव श्रृंखला में शामिल नहीं होंगे शिक्षक-
नियोजित शिक्षकों ने दहेज व बाल विवाह के विरोध में 21 जनवरी को बनने वाली मानव श्रृंखला से अपने को अलग करने की धमकी दी है. कैमुर जिले में वर्तमान समय में पांच हजार से ज्यादा शिक्षक कार्यरत हैं. संघ के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार ने कहा कि सरकार अगर शिक्षकों का मांग नहीं मानती है तो शिक्षक भी सरकार के फैसले को नहीं मानेंगे. उन्होंने कहा कि जिले का कोई नियोजित शिक्षक न मानव श्रृंखला में शामिल होगा, न इसके निर्माण में किसी प्रकार का सहयोग करेगा. यदि सरकार ससमय हमारी मांगें पूरी करती है तो उसके बाद ही शिक्षक संघ इस पर विचार करेगा. संगठन के इस फैसले से मानव श्रृंखला को कैमुर में बड़ा झटका लग सकता है। क्योंकि जिले में सरकारी सेवकों की संख्या से कहीं अधिक संख्या इन शिक्षकों की ही है.
फ़ोटो - समान कार्य समान वेतन की मांग को लेकर मुख्यमंत्री का पुतला जलाते शिक्षक संघ के सदस्य
Breaking news: समान काम के समान वेतन को ले नियोजित शिक्षकों ने फूंका मुख्यमंत्री का पुतला
रविवार, दिसंबर 24, 2017
