भभुआ/कैमूर। बुधवार को जिला मुख्यालय भभुआ स्थित लिच्छवी भवन गेट पर युवा राजद ने लालू यादव के रिहाई के लिए महाधरना दिया। इस धरना में महागठबंधन के नेताओ ने भाग लिया। राजद ने धरना में एनडीए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पूर्व विधायक व राजद नेता रामचंद्र यादव ने कहा कि एनडीए की सरकार ने सीबीआई का दुरुपयोग कर लालू यादव को एक सोची समझी साजिश के तहत जेल भेजा गया है। बिहार के सभी जिलों में धरना दिया जा रहा है। अगर लालू यादव को रिहा नहीं किया जाता है तो दिल्ली में जंतर मंतर पर 9 जनवरी को धरना दिया जाएगा। यह भी कहा कि जबतक लालू यादव की रिहाई नहीं होगी तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी। वही अन्य वक्ताओं ने कहा कि लालू यादव गरीबों एवं दलितों के मसीहा हैं। उन्हें केंद्र सरकार ने षड्यंत्र के तहत फंसाया कर जेल भेजा है। बिहार में सुशासन बाबू के सरकार में लूट,हत्या, भ्रष्टाचार काफी चरम पर है। सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। मौके पर राजद नेता भोला नाथ सिंह, अरुण सिंह सहित महागठबंधन के कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

