भभुआ कैमूर। कैमूर में कोरोना से लोगों की पूरी निष्ठा ने जीत दिलाई है। तभी तो यहां के लोगों ने कोरोना को हरा कर जंग जीता है और स्वस्थ्य हुए है। जिले में मिले 32 कोरोना पॉजिटिव मरीजों में 25 मरीज स्वस्थ हुए हैं। जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। इन्हें घर जाने की छुट्टी भी मिल गई। हालांकि स्वस्थ्य लोगों को घर पर ही होम क्वारन्टीन रहने की सलाह दी गई है। इसकी जानकारी कैमूर डीएम डॉक्टर नवल किशोर चौधरी ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता के दौरान दी।
कैमूर डीएम ने बताया कि जिले में 32 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले थे। जिसमें 23 मरीजों का इलाज जिले के सेंटर पर किया जा रहा था।भर्ती 23 मरीजों में से 16 मरीज को स्वस्थ होने के बाद उन्हें विगत 5 मई को छुट्टी दे दी गई थी।
वहीं जिले के 9 मरीजों का इलाज गया में मगध मेडिकल कॉलेज में चल रहा था। इसमें से 2 मरीज को स्वस्थ होने के बाद 7 मई को छुट्टी दे दी गई थी। डीएम ने कहा 7 मई को दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आने पर शुक्रवार को अनुग्रह नारायण मेडिकल कॉलेज से छुट्टी दे दी गई।
583 लोगों की हुई कोरोना जांच
डीएम ने बताया कि अब तक जिले में 583 व्यक्तियों के सैंपल टेस्ट कराया गया। जिसमें से 551 व्यक्तियों की रिपोर्ट निगेटिव आयी है। 32 व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
बनाये गए है 274 क्वारन्टीन सेंटर
डीएम ने बताया कि अभी तक प्रदेश से आने वाले प्रवासी मजदूरों व व्यक्तियों के लिए जिले में 274 क्वारन्टीन सेंटर बनाए गए हैं। जिसमें 13935 व्यक्तियों को क्वारन्टीन करने की क्षमता है। जिले में अब तक 613 लोगों को क्वारन्टीन किया गया है। वही 6912 लोगों को होम क्वारन्टीन किया गया है।
43 लोगों पर हुई प्राथमिकी 247 लोग गिरफ्तार
डीएम ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि अभी तक लॉक डाउन के उल्लंघन के मामले में 43 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं 247 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। लॉक डाउन के दौरान 4857 वाहनों की जांच की गई। इसमें 719 वाहनों को जब्त किया गया। इसमें 583 वाहनों से 32 लाख 52 हजार 500 रुपये जुर्माना वसूला गया।
जांच के बाद प्रवासियों को भेजा गया गृह जिला
डीएम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि अन्य प्रदेशों से आने वाले प्रवासी को यूपी-बिहार सीमा पर उनके स्वास्थ्य की जांच कराई जा रही है।पैदल या साइकिल से जो भी व्यक्ति आ रहे हैं। उनका भी स्वास्थ्य जांच की जा रही है। स्वास्थ्य जांच होने के बाद उन्हें भोजन देकर वाहन द्वारा उनके गृह जिला भेजा जा रहा है।
डीएम ने कहा भभुआ से राज्य के आठ जगहों पर लोगों को भेजा जा रहा है। जहां संबंधित जिले के डीएम द्वारा उक्त व्यक्ति को उनके प्रखंड में भेजा जाएगा। अभी तक जिले में 9691 प्रवासी बाहर से कैमूर जिले में आए हैं। जिन्हें 234 बसों द्वारा भेजा गया है। साथ ही डीएम ने पुलिस जवान, सफाई कर्मी, स्वास्थ्य कर्मी, जिले के अधिकारी,सरकारी कर्मियों, मीडिया कर्मियों को भी कोरोना वैश्विक महामारी में निष्ठापूर्वक किए गए कार्य के लिए बधाई दी।

