पटना। JDU विधायक शशिभूषण हजारी का गुरुवार सुबह निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। दिल्ली के गंगा राम अस्पताल में आज सुबह 3:45 बजे उन्होंने इलाज दौरान अंतिम सांस ली। उनके लीवर में संक्रमण था। पिछले दिनों तबीयत खराब होने के बाद वह गंगाराम अस्पताल दिल्ली में अपना इलाज करा रहे थे लेकिन उनकी तबीयत में सुधार नहीं हो रहा था।गुरुवार को इलाज के क्रम में ही उनकी मौत हो गई। शशिभूषण हजारी दरभंगा के कद्दावर नेता के रूप में जाने जाते थे। बिहार विधानसभा में उपाध्यक्ष और जेडीयू के सीनियर लीडर महेश्वर हजारी समेत विभिन्न नेताओं ने शशिभूषण हजारी के निधन पर शोक जताया है।
लगातार तीसरी बार बने थे विधायक
शशिभूषण हजारी का अपने विधानसभा क्षेत्र में गहरी पकड़ रही है। यही कारण है कि उन्होंने लगातार तीन बार चुनाव जीत कर अपनी हैट्रिक पूरी की। 2010 में भारतीय जनता पार्टी के टिकट से चुनाव जीत हासिल की। बाद में वह बीजेपी छोड़कर जेडीयू में आए थे और 2015 के विधानसभा चुनाव में जनता दल यूनाइटेड के टिकट पर चुनाव लड़ा था। 2015 के चुनाव में वो लगातार दूसरी बार जीत दर्ज करने में सफल रहे थे जबकि 2020 के चुनाव में भी उन्होंने अपनी जीत को कायम रखा। सबसे ज्यादा चर्चा में वह तब रहे जब 2010 में पहली बार भाजपा के टिकट पर उन्होंने लोक जनशक्ति पार्टी के दिवंगत नेता रामचंद्र पासवान को हराया था।
कुशेश्वरस्थान विधानसभा सीट पर जदयू के शशिभूषण हजारी ने कांग्रेस के डॉ अशोक कुमार को 7222 वोटों से हराकर विधायक निर्वाचित हुए थे। इस विधानसभा सीट पर धार्मिक तीर्थ स्थल प्रसिद्ध बाबा कुशेश्वर नाथ मंदिर में अगल बगल के क्षेत्रों के साथ नेपाल तक से श्रद्धालु पूजा अर्चना करने आते हैं, जो कि इलाके के लोगों को रोजगार सृजन का जरिया भी है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जताया शोक
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधायक शशिभूषण हजारी के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि स्वर्गीय शशि भूषण हजारी एक कुशल राजनेता एवं प्रसिद्ध समाजसेवी थे। वे गरीबों के उत्थान के लिए हमेशा प्रयत्नशील रहे सामाजिक कार्यों में उनकी गहरी अभिरुचि थी। वह अपने क्षेत्र की में लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे। उन्होंने अपने व्यक्तित्व के बदौलत समाज में सभी वर्गों का आदर एवं सम्मान प्राप्त किया। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय शशि भूषण हजारी का अंतिम संस्कार उनके अनुरूप राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

