कोविड गाइडलाइंस के साथ धूमधाम से मनाया गया 73 वां गणतंत्र दिवस, झंडा फहराकर दी गयी सलामी
रामपुर/कैमूर। रामपुर प्रखंड क्षेत्र में बुधवार को हर्षोल्लास के साथ 73 वां गणतंत्र दिवस का त्योहार मनाया गया। इसके साथ ही तिरंगा झंडा को फहरा कर सलामी दी गयी। कोरोना के तीसरे लहर ओमिक्रोन से बचाव को लेकर सरकार द्वारा जारी किए कोविड गाइडलाइंस के साथ गणतंत्र दिवस पर झंडोत्तोलन किया गया। इस बार सरकारी व गैर सरकारी स्कूलो में बिना बच्चों के उपस्थिति के ही शिक्षकों द्वारा झंडोतोलन किया गया।
जबकि सरकारी व गैर सरकारी कार्यालयों में सीमित लोगो के साथ कोविड गाइडलाइंस के साथ झंडा फहराया गया। इस बार 26 जनवरी के मौके पर प्रभात फेरी भी नहीं निकाला गया। 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के उत्साह वाले मौके पर भी बच्चों द्वारा स्कूलों में झंडोत्तोलन समारोह में भाग नहीं लेने के कारण थोड़ा मायूसी भी देखी गयी। लेकिन फिर भी बच्चों व लोगों में देशभक्ति का उमंग देखने को मिल रहा था।
रामपुर प्रखंड मुख्यालय पर प्रमुख घुरा सिंह यादव, करमचट थाना में थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह उर्फ सिंघम, बेलाव थाना में थानाध्यक्ष सुहैल अहमद, पीएचसी में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ चंदन कुमार द्वारा अपने निर्धारित समय पर झंडा फहराया गया। प्रखंड के सभी 9 पंचायतों में मुखिया, 83 विद्यालयों में प्रधानाध्यापक, पार्टी दफ्तरों में अध्यक्ष द्वारा झंडा फहराया गया। प्रसाद के रूप में मिठाइयां बांटी गयी। पूरा दिन मेरा रंग दे बसंती चोला..., ऐ मेरे वतन के लोगो... आदि देश भक्ति गीतों से क्षेत्र गूंजता रहा। सभी की आँखे में वीर शहीदों की बलिदान, वीरता की गाथाएं सुन कर भर आती हुई दिखायी दी।
