भगवानपुर/कैमूर। कैमूर जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के नौगढ़ गांव के पूर्वी क्षेत्र में बुधवार की दोपहर स्कूल के बगल में खेलने के दौरान कुएं में गिरने से कक्षा 4 की छात्रा की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक छात्रा नौगढ़ गांव निवासी मुन्ना सिंह की 11वर्षीय पुत्री रितिका कुमारी बताई जाती है।
मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक छात्रा बुधवार को रितिका गांव के पूरब में आधा किलोमीटर दूरी पर स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में पढ़ने के लिए गयी थी। दोपहर में लंच की घंटी बजने के बाद वह खेलते खेलते स्कूल के बगल में स्थित कुएं में जा गिरी।
जिसके पानी में डूबने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई।जबतक स्कूल में पढ़ने वाले छात्र छात्राओं के शोरगुल के बाद लोगों को जानकारी मिल पाने के बाद कुंए में गिरी बच्ची को निकाला गया तब तक बच्ची की मौत हो गयी थी।
इधर, घटना की सूचना पर भगवानपुर थाने के प्रभारी थानाध्यक्ष सह प्रशिक्षु सब इंस्पेक्टर सुजीत कुमार दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए बच्ची के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया गया। इस घटना से गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। वहीं परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।

